अयोध्या की राष्ट्रीय प्रदर्शनी में मिथिला चित्रकला संस्थान के विद्यार्थियों की उपलब्धि, मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने दी बधाई

WhatsApp Channel Join Now

पटना, 29 सितंबर (हि.स.)। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार एवं राष्ट्रीय अभिलेखागार, नई दिल्ली के तत्वावधान में आगामी 13 अक्टूबर 2026 को अयोध्या में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रदर्शनी ‘राम और रामायण : देश से परदेश तक’ के लिए बिहार के मिथिला चित्रकला संस्थान, सौराठ (मधुबनी) के 8 विद्यार्थियों की कलाकृतियों का चयन किया गया है।

राष्ट्रीय स्तर पर चयनित 15 व्यक्तिगत कलाकृतियों में मिथिला चित्रकला संस्थान की 8 कलाकृतियां शामिल हैं। इनमें निशा चौरसिया ने द्वितीय स्थान तथा दुर्गेश कुमार मंडल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं शुभम प्रिया, रिया कुमारी, चंदा कुमारी, मुस्कान कुमारी, पूर्णिमा एवं पिंटू कुमार को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।

इस उपलब्धि पर कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने सभी चयनित विद्यार्थियों एवं संस्थान को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिथिला चित्रकला के विद्यार्थियों की यह उपलब्धि बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रतिभाशाली कलाकारों एवं विद्यार्थियों को निरंतर प्रोत्साहित कर रही है, ताकि बिहार की कला एवं संस्कृति को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान मिले।

इसके अतिरिक्त संस्थान के त्रि-वर्षीय डिग्री कोर्स सत्र 2024-27 के 9 छात्र-छात्राओं द्वारा रामचरितमानस विषय पर तैयार की गई विशेष सामूहिक कलाकृति को भी प्रदर्शनी में प्रदर्शित किए जाने हेतु चयनित किया गया है।

उन्हाेंने बताया कि

प्रदर्शनी का उद्घाटन पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत द्वारा प्रस्तावित है। चयनित कलाकारों को अपनी कला प्रस्तुत करने के साथ प्रशंसा पत्र, यात्रा भत्ता एवं मानदेय भी प्रदान किया जाएगा।

इस उपलब्धि पर विभागीय सचिव प्रणव कुमार, सांस्कृतिक कार्य निदेशालय की निदेशक रूबी तथा मिथिला चित्रकला संस्थान के निदेशक चंद्रशेखर प्रसाद सिंह, उप निदेशक नीतीश कुमार, लेखा पदाधिकारी सुरेंद्र प्रसाद यादव एवं सभी आचार्यों ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story