फरार अपराधी के घर पर कोर्ट के आदेश पर कुर्की-जब्ती

WhatsApp Channel Join Now
फरार अपराधी के घर पर कोर्ट के आदेश पर कुर्की-जब्ती


भागलपुर, 01 मई (हि.स.)। जिले के सन्हौला प्रखंड अंतर्गत सनोखर थाना क्षेत्र के छोटी नाकी गांव में शुक्रवार को पुलिस ने चर्चित प्रमिला देवी हत्याकांड में सख्त कार्रवाई की है।

बताया जा रहा है कि प्रमिला देवी, जो कि चिंतामन साह की पत्नी थीं, की कुछ दिन पहले निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस मामले में नामजद आरोपी रंजन साह, पिता प्रेमानंद साह, घटना के बाद से ही फरार चल रहा था और लगातार पुलिस से बचता रहा।

लगातार कई महीनों तक फरार रहने के बाद अब पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कड़ा कदम उठाया है। सनोखर थाना क्षेत्र के छोटी नाकी गांव स्थित आरोपी के घर पर कोर्ट के आदेश के अनुसार कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर विधि-सम्मत तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया।

सनोखर थाना अध्यक्ष पंकज किशोर ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था, जिसके चलते न्यायालय के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से आरोपी पर दबाव बनाया जाता है, ताकि वह जल्द सरेंडर करे या पुलिस के हत्थे चढ़ सके। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही पुलिस इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story