सीमांचल गोल्ड कप का आगाज, फुटबॉल के रोमांच से गूंजा अशफाक उल्ला खां स्टेडियम

WhatsApp Channel Join Now
सीमांचल गोल्ड कप का आगाज, फुटबॉल के रोमांच से गूंजा अशफाक उल्ला खां स्टेडियम


किशनगंज, 26 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में फुटबॉल को बढ़ावा देने और स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को सीमांचल गोल्ड कप फुटबॉल प्रतियोगिता 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। शहर के खगड़ा स्थित अशफाक उल्ला खां स्टेडियम में पद्म भूषण स्वर्गीय रामविलास पासवान की स्मृति में आयोजित इस प्रतियोगिता को लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

26 अक्टूबर से शुरू हुई यह प्रतियोगिता 20 नवंबर तक चलेगी, जिसमें महिला और पुरुष वर्ग की टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता का उद्घाटन माता गुजरी यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. इच्छित भारत, नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान, एसडीएम अनिकेत कुमार, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष त्रिलोक चंद जैन तथा रेडक्रॉस के सचिव मिक्की साहा सहित अन्य अतिथियों ने किया।टूर्नामेंट का पहला मुकाबला मालदा और किशनगंज के फुटबॉल क्लबों के बीच खेला गया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. इच्छित भारत ने कहा कि मानव जीवन में खेलों का विशेष महत्व है। खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि मानसिक विकास और सामाजिक चरित्र निर्माण में भी अहम भूमिका निभाते हैं। खेल को केवल मनोरंजन का साधन मानना उचित नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास और बेहतर जीवन की नींव तैयार करता है।

नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान ने कहा कि खेल में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना होती है। खिलाड़ियों को मैदान में सकारात्मक सोच और अनुशासन के साथ उतरना चाहिए। हार से सीख लेकर आगे बढ़ना और जीत को विनम्रता से स्वीकार करना ही सच्चे खिलाड़ी की पहचान है।

स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर मंच

लोजपा (रामविलास) के प्रदेश महासचिव सह टूर्नामेंट आयोजक मो. कलीमुद्दीन ने कहा कि सीमांचल में फुटबॉल की लोकप्रियता को देखते हुए प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। महिला और पुरुष वर्ग की टीमों की भागीदारी से क्षेत्रीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने का अवसर मिलेगा। ऐसे आयोजन युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ फुटबॉल को नई पहचान देने में सहायक होंगे। उद्घाटन समारोह में कलवार समाज के अध्यक्ष धनंजय जायसवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोहन सिंह, वार्ड पार्षद जमशेद आलम, कांग्रेस नेता असगर अली पीटर, समाजसेवी शमशुज्जमा उर्फ पप्पू, राजद नेता शाहिद रब्बानी और भाजपा नेता ज्योति कुमार सोनू सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767272 Articles

Share this story