पीएम मोदी के कार्यक्रम के लाइव प्रसारण को लेकर किशनगंज में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, स्टेडियम में सजेगा कृषि मेला

WhatsApp Channel Join Now
पीएम मोदी के कार्यक्रम के लाइव प्रसारण को लेकर किशनगंज में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, स्टेडियम में सजेगा कृषि मेला


किशनगंज, 20 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को वैशाली जिले में प्रस्तावित कार्यक्रम के लाइव प्रसारण को लेकर किशनगंज जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस दौरान जिले की महत्वपूर्ण सड़क परियोजना सहित विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया जाएगा। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण शहीद अशफाकउल्लाह खां स्टेडियम, खगड़ा में किया जाएगा। इस अवसर पर स्टेडियम परिसर में कृषि मेला का भी उद्घाटन होगा। कार्यक्रम के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में स्टेडियम परिसर में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्धारित समय पर अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुंचने और पूरी जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री द्वारा किशनगंज जिले में राज्य उच्च पथ संख्या-99 (बायसी-बहादुरगंज-दिघलबैंक) के उन्नयन, चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का उद्घाटन भी किया जाएगा। इस सड़क परियोजना से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।

डीएम ने कार्यक्रम स्थल पर भीड़ नियंत्रण, निर्धारित मार्किंग के अनुसार बैठने की व्यवस्था, पेयजल, पानी के टैंकर, वाटर स्टेशन और शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जीविका को कृषि मेला परिसर में स्थानीय उत्पादों के स्टॉल लगाने तथा संबंधित विभागों को अपनी योजनाओं एवं उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार के लिए फ्लेक्स और स्टैंडी लगाने को कहा गया।कार्यक्रम में संभावित भीड़ को देखते हुए बसों एवं अन्य वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित करने और यातायात की समुचित कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया। नगर परिषद को स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई कराने को कहा गया। सुरक्षा के मद्देनजर मुख्य द्वार, प्रवेश द्वार, महिला एवं पुरुष दीर्घा, वीआईपी और वीवीआईपी दीर्घा, प्रेस दीर्घा, मंच तथा पार्किंग स्थलों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात रहेंगे। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा सीसीटीवी, अग्निशमन वाहन, एंबुलेंस और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था रहेगी। सादे लिबास में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।

डीएम एवं एसपी द्वारा जारी संयुक्त आदेश के अनुसार सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को 21 नवंबर की सुबह 8 बजे तक अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा। डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां पूरी कर कार्यक्रम को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने का निर्देश दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780381 Articles

Share this story