बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर किशनगंज में सुरक्षा कड़ी, 10 मिरर चेकपोस्ट स्थापित

WhatsApp Channel Join Now
बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर किशनगंज में सुरक्षा कड़ी, 10 मिरर चेकपोस्ट स्थापित


किशनगंज, 18 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बिहार के सीमावर्ती जिला किशनगंज में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

पुलिस प्रशासन ने जिले के विभिन्न सीमावर्ती इलाकों में कुल 10 मिरर चेकपोस्ट स्थापित किए हैं, जहां आने-जाने वाले वाहनों और व्यक्तियों की सघन जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने इसकी पुष्टि की है।

किशनगंज जिला बिहार और पश्चिम बंगाल की सीमा से सटा होने के कारण चुनाव के दौरान विशेष रूप से संवेदनशील माना जाता है। इसे देखते हुए इन चेकपोस्टों पर वाहनों की गहन जांच, दस्तावेजों का सत्यापन और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली जा रही है। चेकपोस्टों का मुख्य उद्देश्य अवैध घुसपैठ, हथियारों की तस्करी और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर रोक लगाना है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने निर्देश दिया है कि सीमा से जुड़े इलाकों में किसी भी संदिग्ध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही बंगाल पुलिस से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके अलावा भारत-नेपाल सीमा पर भी चौकसी बढ़ा दी गई है।

एसपी ने थानाध्यक्षों के साथ आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में गश्ती बढ़ाने, सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा चेकिंग अभियान को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। होटल, लॉज में भी सघन तलाशी अभियान चलाने के आदेश दिए गए हैं। पुलिस के अनुसार मिरर चेकपोस्ट पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। किसी भी संदिग्ध वाहन या व्यक्ति के पकड़े जाने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों को रोल कॉल के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।

किशनगंज एसपी संतोष कुमार ने सभी अधिकारियों व जवानों से ड्यूटी के दौरान सतर्क रहने और आम लोगों से सहयोग लेने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story