कोलकाता हादसे के बाद किशनगंज के दुर्गा पूजा पंडालों में सुरक्षा सख्त

WhatsApp Channel Join Now
कोलकाता हादसे के बाद किशनगंज के दुर्गा पूजा पंडालों में सुरक्षा सख्त


किशनगंज, 18 अक्टूबर (हि.स.)। कोलकाता में हुए हादसे के बाद किशनगंज शहर के दुर्गा पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में है।शहर के प्रमुख पूजा पंडालों में प्रवेश और निकास द्वार पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। जिन पंडालों में निकास द्वार की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, वहां प्रशासन की ओर से एग्जिट गेट बनवाने की पहल की जा रही है। एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज स्वयं पुलिस टीम के साथ शहर के प्रमुख और भीड़भाड़ वाले पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पंडालों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पूजा समितियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने सदस्यों और वॉलंटियरों को प्रवेश-निकास द्वार सहित भीड़भाड़ वाले स्थानों पर तैनात रखें, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित बनी रहे।

रविवार को एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज ने बताया कि दुर्गा पूजा को लेकर सभी पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। अधिक भीड़ जुटने वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल के साथ क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) का गठन किया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। शहर के रूईधासा, मनोरंजन क्लब, बड़ी कोठी, गांधी घाट और रोलबाग चौक सहित अन्य प्रमुख पूजा पंडालों में सुरक्षा इंतजामों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। संबंधित समितियों को प्रवेश और निकास की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।

सुरक्षा के मद्देनजर पूजा पंडालों में बिजली के तारों की स्थिति की भी जांच की जा रही है। यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है कि तार सुरक्षित स्थानों पर रहें और श्रद्धालुओं की आवाजाही में बाधा न बनें। पूजा समितियों को भीड़ नियंत्रण और आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। पुलिस प्रशासन का लक्ष्य दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराना है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763055 Articles

Share this story