मतपेटी में कैद हुई किस्मत: कड़ी सुरक्षा के बीच पैक्स चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न

WhatsApp Channel Join Now

सुपौल, 18 मार्च (हि.स.)। जिले के 17 पैक्स के लिए बुधवार को चुनाव शान्तिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। कहीं से कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। मतदान सुबह सात बजे से शुरू हुआ। देर रात तक चुनाव परिणाम आने की उम्मीद है। मतों की गिनती संबंधित प्रखंड मुख्यालय के मतगणना स्थल पर शुरू हो गया। 17 पैक्सों के लिए कुल 69 मतदान केंद्र बनाए गए थे। सुपौल प्रखंड के लिए 19 , मरौना में 23 , प्रतापगंज में 7 , त्रिवेणीगंज में 3 , सरायगढ़ भपटियाही प्रखंड के लिए 5 और पिपरा प्रखंड के लिए 12 मतदान केंद्र बनाए गए थे। जहां मतदाताओं ने अपने मतों का प्रयोग किया। विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए सभी बूथों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बलों की तैनाती की गई थी। वही त्रिवेणीगंज प्रखंड के कोरियापट्टी पूरब पंचायत के मध्य विद्यालय, राजगांव स्थित मतदान केंद्र पर बुधवार को पैक्स चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह 7 बजे से मतदान प्रारंभ हुआ, जहां सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें बूथों पर देखी गईं। मतदाता क्रमवार अपने मताधिकार का प्रयोग कर शांतिपूर्वक वापस लौटते रहे। पूरे दिन मतदान केंद्र पर उत्साह का वातावरण बना रहा। बुजुर्गों, युवाओं के साथ-साथ महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। मतदाताओं की सुविधा के लिए बनाए गए तीनों बूथों पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान कराया गया और कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली।

चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। दंडाधिकारी के रूप में बीपीआरओ मनीष कुमार मीनू उपस्थित थे, जबकि सर्किल इंस्पेक्टर सुनील पासवान और थानाध्यक्ष नंदकिशोर नंदन के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान त्रिवेणीगंज के एसडीएम अभिषेक कुमार, एसडीपीओ विभाष कुमार तथा बीडीओ सदरुल हसन ने भी मतदान केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

अध्यक्ष पद के लिए मैदान में उतरे चार प्रत्याशियों की किस्मत अब मतपेटी में बंद हो गई है। मतगणना के बाद ही तय होगा कि जीत का ताज किसके सिर सजेगा।

शाम 4:20 बजे तक कुल 2100 मतदाताओं में से 1405 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो लगभग 67 प्रतिशत मतदान रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story