लघु जल संसाधन विभाग के सचिव पहुंचे भागलपुर, आपूर्ति व्यवस्था को लेकर की समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
लघु जल संसाधन विभाग के सचिव पहुंचे भागलपुर, आपूर्ति व्यवस्था को लेकर की समीक्षा


भागलपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। भागलपुर में बुधवार को प्रशासनिक हलचल तेज रही। आज लघु जल संसाधन विभाग बिहार के सचिव सह जिला प्रभारी सचिव बी. कार्तिकेय धनजी समीक्षा बैठक के लिए समाहरणालय पहुँचे। समीक्षा भवन में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कई अहम मुद्दों पर अधिकारियों के साथ चर्चा की।

बैठक में विशेष रूप से पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के प्रभाव को देखते हुए जिले में आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी स्थिति में आम जनता को खाद्य सामग्री, गैस सिलेंडर, पेट्रोल जैसी जरूरी चीजों की कमी नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षा और उनके हितों को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई।

अधिकारियों को हर स्तर पर सतर्क रहने, आपूर्ति तंत्र को मजबूत बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए। सचिव बी. कार्तिकेय धनजी ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें और धैर्य बनाए रखें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है, सभी आवश्यक वस्तुएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और स्थिति पूरी तरह सामान्य है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story