जीवन के अंतिम चरण के मरीजों के लिए सेकेंडरी मेडिकल बोर्ड गठित

WhatsApp Channel Join Now

सीवान, 04 जुलाई (हि.स.)। जीवन के अंतिम चरण (एंड ऑफ लाइफ केयर) से जुड़े मामलों में चिकित्सकीय निर्णय को अधिक पारदर्शी और विशेषज्ञों की राय पर आधारित बनाने के लिए सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने पांच सदस्यीय सेकेंडरी मेडिकल बोर्ड का गठन किया है। यह बोर्ड आवश्यकता पड़ने पर मरीजों के उपचार जारी रखने अथवा वापस लेने जैसे मामलों पर चिकित्सकीय परीक्षण कर अपनी अनुशंसा देगा।

सीवान के सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने स्वास्थ्य विभाग, बिहार सरकार के निर्देश एवं सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में सेकेंडरी मेडिकल बोर्ड का गठन किया है।

इस संबंध में आदेश जारी कर विभिन्न विशेषज्ञताओं के चिकित्सकों को बोर्ड का सदस्य नामित किया गया है। जारी आदेश के अनुसार, बोर्ड में सदर अस्पताल के जनरल सर्जन डॉ. राजीव कुमार रंजन, मूर्छक डॉ. सदा कमर, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. राघवेंद्र वाजपेई, महाराजगंज अनुमंडलीय अस्पताल के हड्डी एवं नस रोग विशेषज्ञ डॉ शैलेश कुमार तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पचरुखी के फिजिशियन डॉ. निखिल कुमार को सदस्य बनाया गया है।

बताया जाता है कि कि जीवन के अंतिम चरण से संबंधित मामलों में यदि आवश्यकता होगी तो यह विशेषज्ञ चिकित्सकों का बोर्ड मरीज की स्थिति का मूल्यांकन कर चिकित्सकीय राय देगा। इसका उद्देश्य गंभीर मरीजों के उपचार से जुड़े निर्णयों को विधिसम्मत, पारदर्शी और विशेषज्ञों की सामूहिक सलाह के आधार पर सुनिश्चित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story