लापता नाबालिग की तलाश दूसरे दिन भी जारी, महानंदा नदी में एसडीआरएफ ने चलाया सर्च अभियान

WhatsApp Channel Join Now
लापता नाबालिग की तलाश दूसरे दिन भी जारी, महानंदा नदी में एसडीआरएफ ने चलाया सर्च अभियान


किशनगंज, 01 जून (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के सफा नगर से 12 दिनों से लापता 17 वर्षीय नाबालिग मोहम्मद कैसर आलम की तलाश सोमवार को दूसरे दिन भी जारी रही। परिजनों द्वारा किसी अनहोनी की आशंका जताए जाने के बाद पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। वहीं महानंदा नदी में एसडीआरएफ की टीम लगातार सर्च अभियान चला रही है, लेकिन अब तक नाबालिग का कोई सुराग नहीं मिल सका है।

जानकारी के अनुसार 30 मई को परिजनों ने नाबालिग के साथ किसी अनहोनी की आशंका व्यक्त करते हुए पुलिस को सूचना दी थी। इसके बाद से पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए विभिन्न पहलुओं पर छानबीन शुरू कर दी है। जिन चार युवकों पर नाबालिग को गायब करने का आरोप लगाया गया है, उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। हालांकि अभी तक पुलिस को कोई ठोस सफलता हाथ नहीं लगी है।

एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज ने बताया कि मामले की हर बिंदु पर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि रविवार को महानंदा नदी में एसडीआरएफ की टीम द्वारा खोजबीन की गई थी और सोमवार को भी पुनः नदी में सर्च अभियान चलाया गया।इसके अलावा किशनगंज के साथ-साथ कटिहार, बारसोई और आसपास के अन्य क्षेत्रों में भी नाबालिग की तलाश के लिए सूचना भेजी गई है। उसका फोटो विभिन्न थानों और एजेंसियों को उपलब्ध कराया गया है।

इधर, लापता नाबालिग के परिजन सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और एसपी से मुलाकात कर जल्द से जल्द बरामदगी की मांग की। नाबालिग के भाई मोहम्मद इम्तियाज आलम ने बताया कि 23 मई को सदर थाना में अपहरण और गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है।

उल्लेखनीय है कि लहरा फुलवाड़ी निवासी मोहम्मद कैसर आलम 20 मई की रात घर से बाहर निकलने के बाद से लापता है। परिजनों के अनुसार देर रात उसके मोबाइल पर लगातार फोन आने के बाद वह घर से बाहर गया था और फिर वापस नहीं लौटा। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story