एसडीआरएफ टीम की तत्परता से गंगा में डूब रही महिला की बचाई गई जान
भागलपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। श्रावणी मेला के दौरान मंगलवार को भागलपुर के बारारी पुल घाट पर ड्यूटी में तैनात एसडीआरएफ टीम ने अपनी सतर्कता एवं त्वरित कार्रवाई से एक महिला का जीवन सुरक्षित बचा लिया। बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद के कारण महिला आत्महत्या करने की नीयत से गंगा नदी में उतर गई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मौजूद एसडीआरएफ टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर महिला को सुरक्षित पानी से बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के उपरांत भी महिला अत्यधिक मानसिक तनाव में थी तथा बार-बार पुनः नदी में कूदकर अपनी जान देने की बात कह रही थी।
एसडीआरएफ टीम ने धैर्य एवं मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए महिला को सुरक्षित अपने संरक्षण में रखा तथा आवश्यक कार्रवाई के लिए उसे बारारी थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। उल्लेखनीय है कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुरक्षा के लिए विभिन्न घाटों पर एसडीआरएफ की तैनाती की गई है। यह घटना दर्शाती है कि बचाव दलों की सतर्कता, त्वरित प्रतिक्रिया एवं मानवीय संवेदनशीलता के कारण एक बहुमूल्य जीवन सुरक्षित बचाया जा सका।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

