यात्रा के दौरान सतर्क रहें, केवल अधिकृत वाहन का करें उपयोग : एसडीपीओ वासुकीनाथ झा

WhatsApp Channel Join Now
यात्रा के दौरान सतर्क रहें, केवल अधिकृत वाहन का करें उपयोग : एसडीपीओ वासुकीनाथ झा


दरभंगा, 14 जुलाई (हि.स.)। दरभंगा जिला अंतर्गत बेनीपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) वासुकीनाथ झा ने देर रात हवाई अड्डा, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं टेम्पो स्टैंड से अपने गंतव्य तक यात्रा करने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में बिना पंजीकृत वाहनों से यात्रा करने वाले यात्रियों के साथ ठगी, लूटपाट और दुर्घटना जैसी घटनाएं सामने आई हैं।

एसडीपीओ ने यात्रियों से केवल अधिकृत टैक्सी अथवा विश्वसनीय ऑनलाइन बुकिंग ऐप के माध्यम से वाहन बुक कर यात्रा करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि वाहन में बैठने से पहले उसका नंबर, चालक का नाम और फोटो का मिलान अवश्य करें। साथ ही अपनी यात्रा की जानकारी और लाइव लोकेशन परिवार या किसी विश्वसनीय व्यक्ति के साथ साझा करें तथा बिना बुकिंग या अनजान चालक के साथ यात्रा करने से बचें।

उन्होंने कहा कि यदि वाहन चालक नशे में हो, यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहा हो, गलत रास्ता अपनाए, अभद्र व्यवहार करे या अतिरिक्त किराया मांगे तो तत्काल डायल 112 पर सूचना दें या संबंधित ऐप पर शिकायत दर्ज कराएं।

महिला यात्रियों से विशेष रूप से रात के समय अकेले यात्रा करने से बचने की अपील करते हुए एसडीपीओ वासुकीनाथ झा ने कहा कि थोड़ी-सी सतर्कता अपनाकर स्वयं और अपने परिवार को सुरक्षित रखा जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Share this story