गंडक कटाव का एसडीएम ने लिया जायजा, बाढ़ विशेषज्ञों ने सुझाए बचाव के उपाय

WhatsApp Channel Join Now
गंडक कटाव का एसडीएम ने लिया जायजा, बाढ़ विशेषज्ञों ने सुझाए बचाव के उपाय


गंडक कटाव का एसडीएम ने लिया जायजा, बाढ़ विशेषज्ञों ने सुझाए बचाव के उपाय


पश्चिम चम्पारण (बगहा), 13 सितम्बर(हि.स. )। बगहा अनुमंडल के मधुबनी प्रखंड के चिउरही पंचायत अंतर्गत रेवहिया रेता में गंडक नदी द्वारा लगातार किए जा रहे कटाव को लेकर रविवार को अनुमंडल पदाधिकारी बगहा चांदनी कुमारी ने स्थल निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।

नदी के बढ़ते कटाव से प्रभावित क्षेत्र में ग्रामीणों की चिंताओं को देखते हुए प्रशासन ने कटावरोधी उपायों को लेकर विशेषज्ञों के साथ विस्तृत चर्चा की।

निरीक्षण के दौरान पटना से पहुंचे बाढ़ विशेषज्ञ अब्दुल हमीद एवं उनकी टीम ने कटाव प्रभावित स्थल का तकनीकी निरीक्षण किया। उनके साथ बाढ़ प्रमंडल बगहा के कार्यपालक अभियंता, मधुबनी अंचल के अंचलाधिकारी नंदलाल राम, पंचायत के जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौंजूद रहें।

बाढ़ विशेषज्ञ टीम ने गंडक नदी की धारा, कटाव की स्थिति और प्रभावित भू-भाग का जायजा लेते हुए कटाव को नियंत्रित करने के विभिन्न उपायों पर अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया।

इस दौरान ‘हाथी पांव’ तकनीक सहित अन्य प्रभावी कटावरोधी उपायों के इस्तेमाल पर चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप नदी की धारा को नियंत्रित करने और कटाव की गति को कम करने के लिए आवश्यक तकनीकी उपाय अपनाने पर जोर दिया।

एसडीएम चांदनी कुमारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कटाव की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाय तथा प्रभावित क्षेत्र में बचाव कार्य में किसी प्रकार की देरी नहीं हो। प्रशासन एवं बाढ़ प्रमंडल के अधिकारियों की मौजूदगी में कटाव निरोधी कार्य तत्काल प्रारंभ भी कर दिए गए।

स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन एवं विशेषज्ञ टीम के समक्ष कटाव से उत्पन्न अपनी समस्याओं को रखा। ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कटावरोधी उपाय नहीं किए गए तो नदी की धारा से आसपास के कृषि क्षेत्र एवं आबादी को गंभीर नुकसान हो सकता है। प्रशासन ने ग्रामीणों को हरसंभव सहायता एवं आवश्यक बचाव कार्य किए जाने का भरोसा दिया।

निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गंडक नदी के कटाव की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जायेगी और विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार आवश्यकतानुसार अतिरिक्त कटावरोधी कार्य भी कराए जायेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी

Share this story