बिना नंबर प्लेट ई-रिक्शा बेचने पर होगी कार्रवाई, एसडीएम ने डीलरों को दी अंतिम चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
बिना नंबर प्लेट ई-रिक्शा बेचने पर होगी कार्रवाई, एसडीएम ने डीलरों को दी अंतिम चेतावनी


सुपौल, 19 जुलाई (हि.स.)। सुपौल अनुमंडल कार्यालय स्थित एसडीएम कक्ष में शनिवार को अनुमंडल पदाधिकारी मनोहर साह की अध्यक्षता में ई-रिक्शा डीलरों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सड़क सुरक्षा, परिवहन विभाग के नियमों के अनुपालन और बिना नंबर प्लेट संचालित हो रहे ई-रिक्शों पर रोक लगाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजीव रंजन भी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने परिवहन विभाग के निर्देशों के बावजूद बिना नंबर प्लेट के ई-रिक्शा बेचे जाने और सड़कों पर संचालित होने के मामलों पर नाराजगी जताई।

एसडीएम मनोहर साह ने डीलरों से पूछा कि विभागीय आदेश लागू होने के बावजूद बिना पंजीकरण और नंबर प्लेट के वाहन ग्राहकों को कैसे सौंपे जा रहे हैं।

इस पर विभिन्न एजेंसी संचालकों ने अपनी-अपनी सफाई और पक्ष अधिकारियों के समक्ष रखा।

एसडीएम मनोहर साह और एसडीपीओ राजीव रंजन ने डीलरों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में किसी भी एजेंसी से बिना नंबर प्लेट का ई-रिक्शा निकलने की शिकायत मिलने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध सख्त कानूनी एवं प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।अधिकारियों ने सभी डीलरों को परिवहन विभाग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक ई-रिक्शा का विधिवत पंजीकरण, नंबर प्लेट और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही वाहन सड़क पर उतारा जाए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले डीलरों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story