सारण में एससी/एसटी अत्याचार निवारण समिति की बैठक संपन्न
सारण, 30 मार्च (हि.स.)। समाहरणालय में अपर समाहर्त्ता मुकेश कुमार की अध्यक्षता में अनुसूचित जाति/ अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत जिला स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में क्रियान्वयन और पीड़ितों को मिलने वाली सहायता राशि की वर्तमान स्थिति पर विस्तृत चर्चा हुई। जिला कल्याण पदाधिकारी ने प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि वर्ष 2022 से 2026 तक इस अधिनियम के अंतर्गत कुल 1341 कांड दर्ज किए गए हैं। इनमें से 1250 मामलों में पीड़ितों अथवा उनके आश्रितों को मुआवजे की प्रथम किस्त का सफल भुगतान किया जा चुका है। समीक्षा के दौरान पाया गया कि 66 मामलों में पक्षों के बीच सुलह हुई है, जबकि शेष 25 मामलों में बजट आवंटन की प्रतीक्षा के कारण भुगतान लंबित है।
अपर समाहर्त्ता ने निर्देश दिया कि आवंटन प्राप्त होते ही इन लंबित मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। समीक्षा में यह भी स्पष्ट हुआ कि मृत्यु से संबंधित मामलों में 57 आश्रितों को नियमित पेंशन दी जा रही है, जिसका भुगतान फरवरी 2026 तक पूर्ण कर लिया गया है। पुनर्वास योजना के तहत अब तक चार आश्रितों को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है, जबकि एक अन्य मामले में नियुक्ति की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। बैठक में सिविल सर्जन, जिला कल्याण पदाधिकारी सहित समिति के सदस्य उपस्थित थे, वहीं विभिन्न थानों के प्रभारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

