सुपौल के स्कूल में बढ़ा विवाद, शिक्षिका ने प्रधानाध्यापक पर लगाए गंभीर आरोप

WhatsApp Channel Join Now
सुपौल के स्कूल में बढ़ा विवाद, शिक्षिका ने प्रधानाध्यापक पर लगाए गंभीर आरोप


सुपौल, 14 मई (हि.स.)। जिले के एक उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षिका और प्रधानाध्यापक के बीच विवाद अब शिक्षा विभाग तक पहुंच गया है। विद्यालय की शिक्षिका मधुलता ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवेदन देकर प्रधानाध्यापक अजय कुमार पर मानसिक प्रताड़ना, अभद्र व्यवहार और सार्वजनिक रूप से अपमानित करने का आरोप लगाया है।

मामले की जांच शुरू होने के बाद शिक्षा विभाग में हलचल मच गई है।शिक्षिका द्वारा दिए गए आवेदन में कहा गया है कि 7 मई 2026 को प्रधानाध्यापक की ओर से जारी स्पष्टीकरण पत्र में उनके लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। उनका कहना है कि परीक्षा ड्यूटी के दौरान हुई सामान्य त्रुटियों को बातचीत से सुलझाने के बजाय उन्हें सबके सामने फटकार लगाई गई और मानसिक दबाव बनाया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें धमकी भरे अंदाज में बात कर अपमानित किया गया, जिससे वे मानसिक रूप से परेशान हैं।आवेदन में शिक्षिका ने यह भी उल्लेख किया है कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान में महिला कर्मियों को सम्मानजनक और सुरक्षित माहौल मिलना चाहिए, लेकिन विद्यालय में उनके साथ सहयोगात्मक व्यवहार नहीं किया गया। उन्होंने पूरे मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

इधर प्रधानाध्यापक अजय कुमार ने शिक्षिका के आरोपों को गलत बताते हुए उन पर परीक्षा कार्य में बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगाया है। प्रधानाध्यापक द्वारा जारी शोकॉज नोटिस के अनुसार, 6 मई को आयोजित इंटरमीडिएट विशेष-सह-कम्पार्टमेंटल परीक्षा में वीक्षकों की कमी थी, जिसके कारण शिक्षिका को दोनों पालियों में ड्यूटी सौंपी गई थी। आरोप है कि उन्होंने ड्यूटी करने से मना कर दिया और परीक्षा केंद्र पर हंगामे जैसी स्थिति बना दी।नोटिस में यह भी कहा गया है कि शिक्षिका ने प्रभारी प्राचार्य-सह-केंद्राधीक्षक के समक्ष ऊंची आवाज में विरोध जताया और बिना अनुमति परीक्षा केंद्र छोड़कर चली गईं, जिससे परीक्षा संचालन प्रभावित हुआ।

डीईओ संग्राम सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच के निर्देश डीपीओ माध्यमिक को दे दिए गए हैं। हालांकि डीपीओ प्रवीण कुमार ने कहा कि उन्हें अब तक औपचारिक आदेश प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन पूरे मामले की जानकारी ली जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story