जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता: दूसरे दिन एथलेटिक्स व कबड्डी के फाइनल मुकाबले संपन्न

WhatsApp Channel Join Now
जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता: दूसरे दिन एथलेटिक्स व कबड्डी के फाइनल मुकाबले संपन्न


कटिहार, 28 सितंबर (हि.स.)। जिला स्तरीय विद्यालय बालक/बालिका (अंडर-14, 17 एवं 19) खेल प्रतियोगिता-2026 के दूसरे दिन सोमवार को खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के तहत शहर के तीन अलग-अलग मैदानों पर विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं, जिसमें कोशी रेलवे फुटबॉल स्टेडियम में एथलेटिक्स और गांधी स्कूल में कबड्डी के फाइनल मुकाबले संपन्न कराए गए। वहीं खेल भवन में कुश्ती, मुक्केबाजी, कराटे और योग जैसी विधाओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कोशी रेलवे फुटबॉल स्टेडियम (न्यू कॉलोनी) में एथलेटिक्स प्रतियोगिता के दूसरे दिन ट्रैक और फील्ड की विभिन्न स्पर्धाओं के फाइनल मुकाबले खेले गए, जहां धावकों और एथलीटों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। उधर, गांधी स्कूल कटिहार में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता के दूसरे दिन बालक एवं बालिका दोनों वर्गों के अंतिम दौर के मैच हुए, जिसके बाद दोनों वर्गों के फाइनल मुकाबले कराए गए।

वहीं, खेल भवन कटिहार में आज कुश्ती, मुक्केबाजी, कराटे और योग प्रतियोगिताओं का सफल संचालन किया गया। इनडोर खेलों में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने तकनीकी दक्षता और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न सरकारी एवं मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के सैकड़ों प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। इस आयोजन के जरिए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के लिए चयनित होने का अवसर मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story