एक सप्ताह में स्कूलों को मिलेगी एमडीएम की बकाया राशि, रसोइयों के अटके मानदेय का भी होगा भुगतान

WhatsApp Channel Join Now

भागलपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। जिले के सरकारी विद्यालयों में मध्याह्न भोजन (एमडीएम) योजना की लंबित राशि के भुगतान को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक सुभाष कुमार गुप्ता ने विभाग के अधिकारियों और कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि हर हाल में एक सप्ताह के भीतर सभी स्कूलों की बकाया राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

बुधवार को जिला शिक्षा कार्यालय सभागार में आयोजित एमडीएम प्रखंड साधनसेवियों की समीक्षा बैठक के दौरान आरडीडीई ने भुगतान में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि योजना के सुचारु संचालन के लिए समय पर राशि का मिलना बेहद जरूरी है और अब इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आरडीडीई ने विशेष रूप से जिला कार्यक्रम पदाधिकारी और लेखापाल को निर्देश दिया है कि वे भुगतान की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाएं। उन्होंने दो टूक कहा कि राशि के भुगतान के लिए किसी भी प्रधानाध्यापक को विभागीय कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। गौरतलब है कि पिछले कई महीनों से बकाया राशि नहीं मिलने के कारण विद्यालय स्तर पर मध्याह्न भोजन के संचालन में कठिनाई आ रही थी। बैठक में रसोइयों के लंबित मानदेय का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। समीक्षा में यह बात सामने आई कि कई रसोइयों के बैंक खाते का विवरण और आईएफएससी (IFSC) कोड गलत होने के कारण उनका मानदेय अटका हुआ है। आरडीडीई ने सभी बीआरपी को निर्देश दिया है कि वे युद्धस्तर पर ऐसे मामलों की पहचान कर बैंक विवरण में सुधार कराएं, ताकि रसोइयों के खाते में जल्द से जल्द मानदेय की राशि भेजी जा सके। इसके अतिरिक्त, सभी बीआरपी को अपने-अपने प्रखंड के विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने का आदेश दिया गया है। उन्हें स्कूलों में बन रहे भोजन की गुणवत्ता, निर्धारित मेन्यू के अनुसार वितरण और बच्चों की वास्तविक उपस्थिति की गहन निगरानी करने को कहा गया है। आरडीडीई ने चेतावनी दी कि किसी भी विद्यालय से गड़बड़ी या अनियमितता की शिकायत मिलने पर संबंधित क्षेत्र के बीआरपी की सीधी जवाबदेही तय करते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि हाल ही में एमडीएम शाखा में हुई रिश्वतखोरी और वित्तीय अनियमितता की कार्रवाई के बाद विभाग अब पूरी व्यवस्था में पारदर्शिता लाने पर जोर दे रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story