कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के औचक निरीक्षण में डीएम काे व्यवस्थाओं में मिली खामियां

WhatsApp Channel Join Now
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के औचक निरीक्षण में डीएम काे व्यवस्थाओं में मिली खामियां


बक्सर, 05 सितंबर (हि.स.)। जिला पदाधिकारी साहिला ने शनिवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में साफ-सफाई, भवनों के रंग-रोगन, फर्श एवं दीवारों की स्थिति, पेयजल व्यवस्था तथा नामांकन से संबंधित व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं मिलीं। इसके अलावा आगंतुकों एवं छात्राओं के आगमन से संबंधित अभिलेखों की स्थिति भी असंतोषजनक पाई गई। इस पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारी से कारण-पृच्छा करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके बीच कलम एवं कॉपियों का वितरण किया। उन्होंने छात्राओं को नियमित रूप से पढ़ाई करने तथा अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की सलाह दी।

विद्यालय की छात्राएं +2 उच्च विद्यालय, इटाढ़ी में अध्ययनरत हैं। वहां पुलिस अधीक्षक ने छात्राओं से विभिन्न विषयों पर बातचीत कर उन्हें साइबर अपराध, सामाजिक माध्यमों के सुरक्षित उपयोग, व्यक्तिगत सुरक्षा, शिक्षा एवं रहन-सहन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। छात्राओं को बताया गया कि शिक्षा या व्यक्तिगत जीवन से जुड़ी किसी भी समस्या को शिक्षकों और परिजनों के साथ साझा करें।

उन्हें भयभीत किए जाने, प्रलोभन दिए जाने अथवा किसी अन्य परेशानी की स्थिति में तत्काल शिक्षक, परिजन या वरीय पदाधिकारियों को सूचित करने की सलाह दी गई। छात्राओं को डायल-112, 1098 एवं 1930 की उपयोगिता की जानकारी भी दी गई।

बाल विवाह समेत अन्य समस्याओं की जानकारी साझा करने के लिए भी उन्हें प्रोत्साहित किया गया तथा बताया गया कि आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के दौरान उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक, सहायक समाहर्ता, विशेष कार्य पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Share this story