विद्यालय स्तरीय विज्ञान मेले में दिखी विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा
बक्सर 20 अगस्त (हि.स.)।
सरस्वती विद्या मंदिर, अहिरौली में गुरुवार को विद्यालय स्तरीय विज्ञान मेले का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ निरीक्षक मंडल के श्री जगदीश नारायण ओझा, श्री परमेश्वर ओझा, श्री वीरेन्द्र कुमार सिंह एवं श्री जनार्दन तिवारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
विज्ञान मेले में विज्ञान, गणित एवं संगणक विषयों से संबंधित 125 आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक प्रदर्श प्रस्तुत किए गए। शिशु वर्ग, बाल वर्ग, किशोर वर्ग एवं तरुण वर्ग के भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार क्षमता का प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनी में प्राथमिक उपचार, पर्यावरण प्रदूषण, विद्युत संरक्षण, जैविक कृषि, समबहुभुजों के गुण-धर्म, त्रिकोणमिति, क्षेत्रमिति, इंटरनेट तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों ने अपने मॉडलों के माध्यम से विज्ञान को दैनिक जीवन से जोड़ते हुए विभिन्न समस्याओं के समाधान भी प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अमन कुमार सिंह एवं उप प्रधानाचार्य मनोरंजन कुमार ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और वैज्ञानिक दृष्टिकोण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। निरीक्षक मंडल ने भी प्रदर्शों का अवलोकन कर विद्यार्थियों के प्रयासों की प्रशंसा की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

