औचक निरीक्षण में खुली पोल: पांच शिक्षक गायब, स्कूल में एक भी छात्र नहीं, वेतन पर रोक

WhatsApp Channel Join Now

सीवान, 06 अगस्त (हि.स.)। जिले के महाराजगंज अनुमंडल पदाधिकारी अनिता सिन्हा के औचक निरीक्षण में मध्य विद्यालय, पटेढ़ा की व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त मिली।

निरीक्षण के दौरान पांच शिक्षक बिना किसी पूर्व सूचना के विद्यालय से अनुपस्थित पाए गए। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि विद्यालय में एक भी छात्र मौजूद नहीं था, जबकि पूरे परिसर में गंदगी का अंबार मिला।

एसडीओ ने इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए अनुपस्थित शिक्षकों मंजित किशोर द्विवेदी, किरण द्विवेदी, विजेंद्र सिंह, सुमन भारती और अनुप सिंह से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। साथ ही 5 अगस्त 2026 का सभी शिक्षकों का वेतन तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है।

जारी आदेश में कहा गया है कि निरीक्षण के समय किसी भी शिक्षक का अवकाश आवेदन विद्यालय में उपलब्ध नहीं था। बिना सूचना विद्यालय से अनुपस्थित रहना, बच्चों की गैरमौजूदगी और विद्यालय परिसर में गंदगी मिलना शिक्षकों की अनुशासनहीनता, मनमानी और कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही को दर्शाता है।

एसडीओ ने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story