निर्मली में स्कूल निरीक्षण के दौरान भड़के डीईओ, छात्रों की अनुपस्थिति पर जताई नाराजगी

WhatsApp Channel Join Now
निर्मली में स्कूल निरीक्षण के दौरान भड़के डीईओ, छात्रों की अनुपस्थिति पर जताई नाराजगी


सुपौल, 14 मई (हि.स.)। जिले के निर्मली स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय और बीआरसी कार्यालय का गुरुवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) संग्राम सिंह ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में छात्रों की बेहद कम उपस्थिति और रजिस्ट्रेशन कार्य की धीमी प्रगति देखकर डीईओ नाराज दिखे।

जांच के दौरान डीईओ ने शिक्षक उपस्थिति पंजी सहित अन्य अभिलेखों की गहन पड़ताल की और प्रभारी प्रधानाध्यापक राकेश रंजन राजू को कई आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि भटकी मॉडल कक्षा में 40 में 38 छात्रों का नामांकन है, जबकि कक्षा 9 में 192, कक्षा 10 में 199, कक्षा 11 में 140 और कक्षा 12 में 153 छात्र नामांकित हैं। इसके बावजूद निरीक्षण के समय एक भी छात्र कक्षा में उपस्थित नहीं मिला। छात्रों की अनुपस्थिति को गंभीर लापरवाही मानते हुए डीईओ ने संबंधित शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन को कड़ी चेतावनी दी। साथ ही विद्यालय परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई, जिस पर नाराजगी जताते हुए सुधार के निर्देश दिए गए। इसके बाद डीईओ बीआरसी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने कर्मचारियों की उपस्थिति पंजी और एफआरएस रजिस्ट्रेशन कार्य की समीक्षा की।

समीक्षा के दौरान उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि निर्मली प्रखंड के कुल 644 शिक्षकों में से केवल 637 का ही रजिस्ट्रेशन हो पाया है। वहीं 17,038 छात्र-छात्राओं में से अब तक सिर्फ 8,110 का ही रजिस्ट्रेशन पूरा हुआ है, जो काफी धीमी प्रगति को दर्शाता है। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री डिजिटल लाइब्रेरी योजना का भी जायजा लिया गया। डीईओ ने कहा कि डिजिटल लाइब्रेरी छात्रों की पढ़ाई के लिए काफी उपयोगी साबित होगी और अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इसका लाभ उठाना चाहिए।

मौके पर आईटी कोऑर्डिनेटर अनमोल कुमार, सुरेंद्र यादव, अनिल कुमार साह, हरेराम मंडल समेत अन्य कर्मी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story