प्रतापगंज के विद्यालय में किशोरावस्था जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
सुपौल, 29 मई (हि.स.)। जिले के प्रतापगंज स्थित एसभीके बालिका प्लस टू विद्यालय में किशोरावस्था जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता और मानसिक बदलावों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय कुमार ने की।कार्यक्रम में प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित निवेदिता सिन्हा ने किशोरावस्था के दौरान होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान अपनाई जाने वाली स्वच्छता, संतुलित आहार और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सावधानियों के बारे में जागरूक किया।उन्होंने कहा कि माहवारी महिलाओं के शरीर की एक सामान्य और प्राकृतिक प्रक्रिया है, इसलिए इसे लेकर किसी प्रकार की झिझक या भ्रम नहीं रखना चाहिए। इस दौरान साफ-सफाई और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना बेहद आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने खुलकर अपनी जिज्ञासाएं और समस्याएं साझा कीं, जिनका प्रशिक्षक द्वारा सरल और वैज्ञानिक तरीके से समाधान बताया गया। इससे छात्राओं में जागरूकता के साथ-साथ आत्मविश्वास भी बढ़ा।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं बड़ी संख्या में छात्राओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक रतन कुमार, जीव कांत झा, रविंद्र कुमार, विनोद कुमार,आलोक कुमार, त्रिभुवन कुमार यादव, पवन कुमार, सानिया मिश्रा, बॉबी कुमारी और नेहा कुमारी सहित अन्य शिक्षकों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

