शिक्षा विभाग में करोड़ों का घोटाला, डॉ. चक्रपाणि हिमांशु ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, सीबीआई और एसीबी जांच की मांग

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षा विभाग में करोड़ों का घोटाला, डॉ. चक्रपाणि हिमांशु ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, सीबीआई और एसीबी जांच की मांग


भागलपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)।

जिले के शिक्षा विभाग में अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से करोड़ों रुपये के बड़े घोटाले और भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है।

बिहार सरकार के बाल श्रमिक आयोग के पूर्व अध्यक्ष (समतुल्य कैबिनेट मंत्री) डॉ. चक्रपाणि हिमांशु ने इस संबंध में बुधवार को सूबे के मुख्यमंत्री, शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव, सीबीआई, भ्रष्टाचार निरोधक शाखा, प्रमंडलीय आयुक्त और भागलपुर के जिलाधिकारी को पत्र लिखकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। डॉ. हिमांशु ने अपने पत्र में भागलपुर के क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक और जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की चल-अचल संपत्ति की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो और भ्रष्टाचार निरोधक शाखा से कराने का आग्रह किया है। पूर्व अध्यक्ष द्वारा पत्र में उठाए गए मुख्य बिंदुओं में फर्जी शिक्षिका तनुश्री के नाम पर करोड़ों रुपये का घोटाला हुआ।

वर्ष 2006 से नियोजित शिक्षकों के वेतन और बकाये के भुगतान में भारी वित्तीय अनियमितता की गई है। साल 2006 से ही फर्जी शिक्षकों की बहाली पर कार्रवाई करने के बजाय मोटी रकम लेकर उन्हें संरक्षण दिया जा रहा है। शिक्षकों के स्थानांतरण और विद्यालय प्रभारी बनाने के नाम पर नियमों को ताक पर रखकर अवैध वसूली की गई आदि शामिल है।

डॉ. चक्रपाणि हिमांशु ने सरकार से मांग की है कि इस पूरे सिंडिकेट का भंडाफोड़ करने के लिए तत्काल प्रभाव से जांच बैठाई जाए और दोषी अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। शिक्षा विभाग में हुए इस बड़े खुलासे के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760910 Articles

Share this story