विद्यालय से 10 क्विंटल चावल सहित अन्य समानों की चोरी

WhatsApp Channel Join Now
विद्यालय से 10 क्विंटल चावल सहित अन्य समानों की चोरी


बेतिया, 08 अक्टूबर (हि.स.)। नौतन प्रखंड क्षेत्र के राजकीय बुनियादी विद्यालय दक्षिण तेल्हुआ में बुधवार की रात अज्ञात चोरों द्वारा विद्यालय का ताला तोड़कर करीब 10 क्विंटल से अधिक चावल सहित अन्य खाद्य सामग्री की चोरी कर लिये जाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की।

प्रभारी प्रधानाध्यापक मुकेश मणि द्विवेदी ने बताया कि एक सप्ताह के भीतर विद्यालय में चोरी की यह दूसरी घटना है। इससे पहले एक अक्तूबर को चोरों ने विद्यालय से करीब चार क्विंटल चावल के अलावे एक बोरी दाल, पंद्रह किलो सोयाबीन बीस लीटर सरसों तेल,एक बोरी चना सहित अन्य सामान की चोरी की थी। उक्त घटना को लेकर पुलिस में आवेदन दिया गया था और प्राथमिकी भी दर्ज की गयी थी। इसके बावजूद दूसरी बार चोरों ने घटना को अंजाम दिया।

प्रधानाध्यापक ने बताया कि विद्यालय की चहारदीवारी नहीं होने के कारण शाम के बाद परिसर में असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है। इससे विद्यालय की सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता बनी रहती है। उन्होंने विद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चहारदीवारी निर्माण की मांग की है।

एच एम ने बताया कि रात्रि प्रहरी विधालय में नियुक्त हैं। उससे पुछने पर वह बताया कि वह बिना छुट्टी की आवेदन दिये उस रात डियूटी से गायब रहा।थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि चोरी की घटना की जानकारी मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरों की पहचान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल इस चोरी की घटना को लेकर ग्रामीणों के जुबान पर तरह तरह की चर्चा होने लगी है।

हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक

Share this story