आस्था से सराबोर हुआ बक्सर का ब्रह्मपुर धाम, पहली सोमवारी पर उमड़े 50 हजार से अधिक श्रद्धालु

WhatsApp Channel Join Now
आस्था से सराबोर हुआ बक्सर का ब्रह्मपुर धाम, पहली सोमवारी पर उमड़े 50 हजार से अधिक श्रद्धालु


बक्सर, 03 अगस्त (हि.स.)। सावन माह की पहली सोमवारी पर ऐतिहासिक एवं प्राचीन बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ धाम श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का केंद्र बना रहा।

सोमवार तड़के से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और कांवरियों की लंबी कतारें लग गईं। दिनभर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।

अनुमानित 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ का शिवलिंग स्वयंभू है तथा इसकी स्थापना स्वयं भगवान ब्रह्मा द्वारा किए जाने की मान्यता है।

मंदिर का मुख्य द्वार पश्चिम दिशा की ओर होना इसकी विशिष्ट पहचान है, जो इसे देश के अन्य शिवालयों से अलग बनाता है। पहली सोमवारी के अवसर पर बाबा का भव्य श्रृंगार किया गया, जिसके दर्शन के लिए श्रद्धालु घंटों कतार में खड़े रहे।

श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए जिला प्रशासन एवं मंदिर न्यास समिति ने व्यापक इंतजाम किए थे। मंदिर परिसर में मजबूत बैरिकेडिंग कर महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की गई थी, जिससे जलाभिषेक सुचारु रूप से चलता रहा। पेयजल, चिकित्सा, सफाई और प्रकाश की भी पर्याप्त व्यवस्था की गई थी।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई थी तथा कंट्रोल रूम और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही थी।

वहीं, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। श्रद्धा, भक्ति और सुव्यवस्थित प्रशासनिक व्यवस्था के बीच पहली सोमवारी का पर्व शांतिपूर्ण एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

Share this story