श्रावणी मेले की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
श्रावणी मेले की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश


बक्सर, 30 जुलाई (हि.स.)।

श्रावणी मेला–2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर गुरुवार को बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ मंदिर परिसर, ब्रह्मपुर में जिलाधिकारी साहिला वं पुलिस अधीक्षक, शुभम आर्य बक्सर की संयुक्त अध्यक्षता में संबंधित पदाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक एवं ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक में मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति तथा आपातकालीन सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित जिम्मेदारियों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से निर्वहन करने का निर्देश दिया गया। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग तथा नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि श्रावणी मेला लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा आयोजन है। प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी विभागों को पूरी सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। उन्होंने अधिकारियों को लगातार गश्त, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी तथा श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि श्रावणी मेला शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

Share this story