सरारी हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, दो महिलाओं समेत चार आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
सरारी हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, दो महिलाओं समेत चार आरोपित गिरफ्तार


सीवान, 03 जुलाई (हि.स.)। जिले के गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के सरारी गांव में पूर्व विवाद को लेकर हुए दिलीप कुमार पांडेय हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो महिलाओं समेत चार नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि 2 जुलाई को सरारी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद के दौरान दिलीप कुमार पांडेय और नीतू देवी पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया था। दोनों को गंभीर हालत में सदर अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान दिलीप कुमार पांडेय की मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि मृतक के परिजन के आवेदन पर गोरेयाकोठी थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अनुसंधान शुरू किया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्वयं पुलिस अधीक्षक तथा महाराजगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पहुंचे और एफएसएल टीम से वैज्ञानिक जांच कराई गई।

एसपी ने बताया कि अनुसंधान के दौरान प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर घटना में संलिप्त चार नामजद आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों में पंकज कुमार तिवारी और चंद्रशेखर तिवारी, दोनों निवासी सरारी, थाना गोरेयाकोठी शामिल हैं। इसके अलावा मामले में संलिप्त दो महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया है। सभी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो दाब, एक हंसिया और एक कुल्हाड़ी भी बरामद की है।

एसपी पूरन कुमार झा ने कहा कि मामले में फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में जी.बी. नगर थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, बसंतपुर थानाध्यक्ष राजू कुमार, गोरेयाकोठी थानाध्यक्ष मनीष कुमार तथा अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story