सारण के डोरीगंज में तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से महिला की मौत, सड़क जाम
सारण, 18 अगस्त (हि.स.)। छपरा-पटना मुख्य मार्ग फोरलेन पर सड़क दुर्घटना में वृद्ध महिला की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। मृतका की पहचान डोरीगंज थाना क्षेत्र के मेहरौली गांव निवासी सत्यानंद तिवारी की पत्नी निर्मला देवी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार निर्मला देवी पूजा-अर्चना कर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान पूर्व दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। जिससे निर्मला देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने फोरलेन को जाम कर दिया और वरीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही डोरीगंज थानाध्यक्ष राज शेखर पुलिस बल के साथ पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया और यातायात बहाल कराया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

