सारण के 64 संकुल संघों में जीविका दीदियों का वोकल फॉर लोकल कार्यक्रम संपन्न

WhatsApp Channel Join Now
सारण के 64 संकुल संघों में जीविका दीदियों का वोकल फॉर लोकल कार्यक्रम संपन्न


सारण के 64 संकुल संघों में जीविका दीदियों का वोकल फॉर लोकल कार्यक्रम संपन्न


सारण, 16 अक्टूबर (हि.स.)। जिला प्रशासन और जीविका के संयुक्त तत्वावधान में सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के सभी 64 संकुल स्तरीय संघों में वोकल फॉर लोकल मेरा उत्पाद, मेरी पहचान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस विशेष आयोजन में जीविका दीदियों ने अपनी उद्यमिता और हुनर का शानदार प्रदर्शन कर आत्मनिर्भरता की अनूठी मिसाल पेश की है। रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिताओं ने सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत उत्साहपूर्ण प्रभात फेरी के साथ हुई। इसके बाद मेरा उत्पाद, मेरी पहचान थीम पर आधारित संकुल स्तर पर लगाई गई प्रदर्शनी जिसमें दीदियों द्वारा निर्मित सत्तू, अचार, पापड़, देशी घी, मसाले, मोमबत्ती, स्वेटर और टमाटर सॉस जैसे दर्जनों स्थानीय उत्पाद प्रदर्शित किए गए। आगामी छठ महापर्व को देखते हुए विशेष रूप से तैयार किए गए सूप, टोकरी और अर्घ्य पात ने भी सभी का खूब ध्यान खींचा।

इस दौरान दीदियों ने साझा किया कि सामुदायिक निधि और बैंक ऋण के सहयोग ने उन्हें नई सामाजिक पहचान दी है। दिघवारा की ललिता देवी सर्फ और अगरबत्ती बनाकर परिवार को आर्थिक संबल दे रही हैं, तो वहीं अमनौर की सुनंदा देवी पत्तल-ग्लास निर्माण से पूरी तरह स्वावलंबी बन चुकी हैं।

जिला परियोजना प्रबंधक ने कहा कि प्रशासन और जीविका के मजबूत समन्वय से सारण की दीदियां अब सफल उद्यमी बन चुकी हैं, जो आत्मनिर्भर बिहार के सपने को तेजी से साकार कर रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762088 Articles

Share this story