अश्लील हरकत करने वाले आरोपित शिक्षक को ग्रामीणों ने की पिटाई, किया पुलिस के हवाले
सारण, 08 सितंबर (हि.स.)। मांझी प्रखंड के उत्क्रमित कन्या विद्यालय के शिक्षक मनोज कुमार महतो द्वारा छात्राओं के साथ अश्लील हरकत किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपित शिक्षक की जमकर पिटाई कर दी। स्थिति बिगड़ती देख महम्मदपुर के मुखिया प्रतिनिधि ने बीच-बचाव कर शिक्षक को सुरक्षित रूप से स्कूल के कमरे में बंद कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी विभा रानी मौके पर पहुंचीं और पीड़ित छात्राओं से बातचीत कर पूरी घटना की जानकारी ली। मीडिया से बातचीत में उन्होंने घटना की पुष्टि कर बताया कि उक्त शिक्षक द्वारा पूर्व में भी छात्राओं के साथ ऐसी अवांछित हरकतें की गई हैं।
सूचना पाकर थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे और आरोपित शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। इस गंभीर घटना के दौरान मौके पर सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

