बिहार विधान परिषद सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव की घोषणा

WhatsApp Channel Join Now
बिहार विधान परिषद सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव की घोषणा


सारण, 22 सितंबर (हि.स.)। बिहार विधान परिषद के सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 की घोषणा के साथ ही पूरे जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने आज आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव कार्यक्रम और प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा प्रेस नोट जारी किए जाने के बाद अब 29 सितंबर 2026 को चुनाव की अधिसूचना जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 06 अक्टूबर 2026 निर्धारित है। प्राप्त नामांकन पत्रों की जांच 07 अक्टूबर को होगी, जबकि प्रत्याशी 09 अक्टूबर 2026 तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।

सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान 23 अक्टूबर 2026 को पूर्वाह्न 8:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 27 अक्टूबर को मतगणना होगी और पूरी निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 तक संपन्न करा ली जाएगी।

प्रशासनिक व्यवस्था के तहत नामांकन पत्र निर्वाची पदाधिकारी आयुक्त, सारण प्रमंडल, छपरा के कार्यालय में कार्य दिवसों के दौरान सुबह 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक जमा किए जाएंगे। सारण जिले में कुल 3,824 मतदाता हैं, जिनमें 3,076 पुरुष और 748 महिला मतदाता शामिल हैं।

मतदान प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए जिले के सभी 20 प्रखंडों में एक-एक मतदान केंद्र अंचल/अनुमंडल स्तरीय कार्यालयों में बनाया गया है। जैसे छपरा सदर के लिए डीसीएलआर कार्यालय तथा अन्य प्रखंडों के लिए संबंधित अंचल कार्यालय निर्धारित किए गए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story