हरिहरनाथ मंदिर में मनाया गया तुलसी विवाह महोत्सव
सारण, 21 नवंबर (हि.स.)। सोनपुर विश्व विख्यात हरिहरक्षेत्र सोनपुर स्थित ऐतिहासिक बाबा हरिहरनाथ मंदिर परिसर में आज को प्रातः दस बजे से तुलसी विवाह महोत्सव भक्तिमय वातावरण में आयोजित किया गया। इस आयोजन में दर्जनों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर तुलसी-शालिग्राम विवाह में कन्यादान का पुण्य लाभ अर्जित किया। संपूर्ण पूजन विधि आचार्य सुशील चंद्र शास्त्री और आचार्य पवन शास्त्री के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुई।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर से जुड़े नन्द बाबा ने पद्म पुराण एवं स्कंद पुराण के आधार पर तुलसी-शालिग्राम की कथा सुनाई। उन्होंने बताया कि असुरराज जालंधर की पतिव्रता पत्नी वृंदा के सतीत्व से प्रसन्न होकर भगवान विष्णु ने उन्हें तुलसी रूप में पूजे जाने का वरदान दिया और कार्तिक शुक्ल द्वादशी को उनके विवाह को कन्यादान के समान पुण्यदायी बताया। नन्द बाबा ने बताया कि मंदिर में इस परंपरा की शुरुआत पूर्व पुजारी बैकुंठवासी भारद्वाज शर्मा मद्रासी बाबा ने की थी, जो आज भी जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

