छपरा में शिक्षक निर्वाचन 2026 के मतदान दल और पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट का हुआ प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
छपरा में शिक्षक निर्वाचन 2026 के मतदान दल और पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट का हुआ प्रशिक्षण


छपरा में शिक्षक निर्वाचन 2026 के मतदान दल और पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट का हुआ प्रशिक्षण


सारण, 14 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार विधान परिषद के शिक्षक निर्वाचन 2026 के लिए बुधवार को भिखारी ठाकुर प्रेक्षा गृह में पीठासीन व मतदान अधिकारियों का प्रथम प्रशिक्षण आयोजित किया गया। पहले सत्र में बीडीओ, सीओ और विभिन्न पदाधिकारियों समेत पीठासीन अधिकारी व प्रथम, द्वितीय और तृतीय मतदान कर्मी शामिल हुए।

उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद एकबाल ने बताया कि यह चुनाव मतपत्र से एकल संक्रमण प्रणाली के तहत होता है, जिसमें मतदाता वरीयता के आधार पर मत दर्ज करते हैं। यह प्रक्रिया आम चुनाव से थोड़ी जटिल होती है, क्योंकि मतदाता उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों और कॉलेजों के शिक्षक होते हैं।

अवर निर्वाचन पदाधिकारी एखलाक अंसारी ने चुनाव के विभिन्न नियमों की जानकारी दी। मास्टर ट्रेनर नदीम अहमद ने रोल प्ले के माध्यम से मतदान के एक दिन पहले, दिन और समाप्ति पर किए जाने वाले कार्यों को समझाया। मास्टर ट्रेनर सुनील कुमार सिंह व प्रवीण कुमार ने हैंड्स ऑन ट्रेनिंग के जरिए प्रक्रियाओं को जीवंत रूप से दिखाया।

प्रशिक्षण में मतपेटी को खोलने, बंद करने, सील करने तथा प्रारूप-14, 14(क), 15, 16 व 18 जैसे विभिन्न प्रपत्रों को त्रुटिरहित भरने का प्रशिक्षण दिया गया। यह भी बताया गया कि मतपेटी संचालन का व्यावहारिक अभ्यास द्वितीय ट्रेनिंग में कराया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760701 Articles

Share this story