गोदना-सेमरिया नहान मेला का पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने किया उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
गोदना-सेमरिया नहान मेला का पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने किया उद्घाटन


गोदना-सेमरिया नहान मेला का पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने किया उद्घाटन


गोदना-सेमरिया नहान मेला का पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने किया उद्घाटन


सारण, 24 नवंबर (हि.स.)। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर सरयू नदी के तट पर आयोजित होने वाले गोदना-सेमरिया नहान मेले का बीती रात विधिवत उद्घाटन बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, विधायक छोटी कुमारी, मुख्य पार्षद अमिता यादव तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने कहा कि जिस पावन धरती पर भगवान श्रीराम के चरण पड़े और माता अहिल्या का उद्धार हुआ, वहां आकर वे स्वयं को धन्य और गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने भगवान श्रीराम से प्रार्थना की कि जिस प्रकार माता अहिल्या का उद्धार हुआ, उसी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मजबूत व समृद्ध बिहार का संकल्प भी पूरा हो।

मंत्री ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र स्नान व दान-पुण्य का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है, जिससे जीवन में सुख-शांति और समृद्धि आती है। उन्होंने कहा कि गोदना-सेमरिया मेला हमारी आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है।

मेले में उमड़ी भीड़ पर प्रसन्नता जताते हुए उन्होंने कहा कि न केवल इस जिले बल्कि आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। पर्यटन मंत्री ने घोषणा की कि अगले वर्ष से पर्यटन विभाग द्वारा इस भव्य आयोजन के लिए 2 लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराई जाएगी, जिसके लिए जिलाधिकारी से रिपोर्ट मंगवाकर पत्र भेजा जाएगा।

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सरयू नदी के पवित्र तट पर हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जहां लोग पुण्य स्नान, ध्यान, दान और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेंगे।आयोजन को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है तथा सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया है।

उद्घाटन समारोह में गोदना-सेमरिया मेला समिति के अध्यक्ष एसडीओ नीतेश कुमार, एसडीपीओ, कार्यपालक पदाधिकारी किशोर कुणाल, थानाध्यक्ष, वार्ड पार्षद एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782205 Articles

Share this story