छपरा के डबल डेकर पुल निर्माण कार्य दिन-रात तीन शिफ्टों में करने का जिलाधिकारी ने दिया निर्देश
सारण, 16 सितंबर (हि.स.)।जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव तथा वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने आज शहर में निर्माणाधीन डबल डेकर पुल कार्य का स्थल निरीक्षण किया। अधिकारियों ने रामलीला मठिया और पुराने बस स्टैंड से लेकर भिखारी ठाकुर चौक तथा मोना चौक से मेवालाल चौक तक पूरे निर्माण क्षेत्र का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के परियोजना निदेशक को निर्माण कार्य की रफ्तार बढ़ाने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रमिकों और मशीनों की संख्या बढ़ाकर दिन-रात 24 घंटे तीन शिफ्टों में काम पूरा कराया जाए। सड़क, ड्रेनेज, गोलंबर और कंक्रीट से जुड़े सभी कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया गया।
जलजमाव से निपटने के लिए प्रभावित स्थानों पर तत्काल पंप लगाकर पानी निकालने और ड्रेनेज व्यवस्था दुरुस्त करने के आदेश दिए गए। सदर अनुमंडल पदाधिकारी को अभियंताओं की टीम के जरिए दैनिक निरीक्षण कर प्रतिदिन रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया गया है। जलजमाव वाले क्षेत्रों में चूना व ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव तथा एयरपोर्ट परिसर से एक माह के भीतर मिट्टी हटाने की हिदायत दी गई।
अतिक्रमण के मामले में भिखारी ठाकुर चौक स्थित नील कोठी की लगभग 50 दुकानों पर सदर अंचलाधिकारी को नोटिस जारी कर कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया। निर्माण के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए सदर एसडीएम और ट्रैफिक डीएसपी को वैकल्पिक ट्रैफिक प्लान तैयार कर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश मिला।
अंत में अधिकारियों ने पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण कर नगर आयुक्त को तत्काल जल निकासी सुनिश्चित करने और मुख्यमंत्री समग्र शहरी योजना के तहत छोटी प्राथमिक योजनाओं के प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए, जिससे नालियों व सड़कों की जल्द मरम्मत हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

