सारण शिक्षक निर्वाचन चुनाव कल, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान को लेकर प्रशासनिक तैयारी पूरी

WhatsApp Channel Join Now
सारण शिक्षक निर्वाचन चुनाव कल, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान को लेकर प्रशासनिक तैयारी पूरी


सारण शिक्षक निर्वाचन चुनाव कल, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान को लेकर प्रशासनिक तैयारी पूरी


सारण, 22 अक्टूबर (हि.स.)। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र तीन के अंतर्गत कल होने वाले मतदान को स्वच्छ, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। निर्वाचन आयोग के नियमों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए सभी मतदान दलों, पीठासीन पदाधिकारियों और दंडाधिकारियों को विस्तृत निर्देश दिए गए हैं।

निर्वाचन प्रक्रिया के तहत कल 7:30 बजे मॉक पोल शुरू होगा, जबकि वास्तविक मतदान सुबह 8:00 बजे से आरंभ होगा। इस निर्वाचन क्षेत्र के कुल 98 मतदान केंद्रों पर 10,748 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। सभी मतदान दल अपने निर्धारित केंद्रों के लिए रवाना हो चुके हैं।

मतदान की गोपनीयता बनाए रखने और प्रेसिडिंग अधिकारियों के जरिए हर दो घंटे पर मतदान प्रतिशत की रिपोर्ट भेजने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। शांति और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर मतदान केंद्रों के आसपास 200 मीटर की परिधि में कड़े इंतजाम किए गए हैं। इस दायरे में किसी भी राजनीतिक दल या अभ्यर्थी द्वारा बूथ बनाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।

मतपत्रों और मतपेटिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। मतदान समाप्ति के बाद सभी सामग्रियां राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, सारण, छपरा स्थित वज्रगृह में सुरक्षित जमा कराई जाएंगी। जिला प्रशासन ने सभी कर्मियों से पूरी निष्पक्षता और अनुशासन के साथ दायित्व निभाने की अपील की है। किसी भी सहायता के लिए जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 06152-242444 जारी किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765107 Articles

Share this story