प्रधानमंत्री के वैशाली दौरे को लेकर सारण में विशेष यातायात व्यवस्था लागू

WhatsApp Channel Join Now


सारण, 21 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आज वैशाली जिले के राजापाकड़ प्रखंड अंतर्गत जाफरपट्टी में भ्रमण कार्यक्रम को लेकर सारण पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। कार्यक्रम में अतिथियों और आम नागरिकों की संभावित भारी भीड़ के मद्देनजर वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार के निर्देशन में यह ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है, ताकि आवागमन सुगम और निर्बाध बना रहे।

गोपालगंज व सिवान से आने वाले वाहन एकमा, रसूलपुर, कोपा, छपरा बाईपास एनएच-19 और डोरीगंज होते हुए दिघवारा व सोनपुर के रास्ते वैशाली की ओर जाएंगे।

आरा की ओर से आने वाले वाहन डोरीगंज, नयागांव, दिघवारा और सोनपुर एनएच-19 होते हुए वैशाली जाएंगे।

पटना से आने वाले वाहन जेपी सेतु, यदुवंशी चौक और सोनपुर के शिवबच्चन चौक होते हुए वैशाली की तरफ प्रस्थान करेंगे।

उत्तर प्रदेश से आने वाले वाहन मांझी, रिविलगंज बाईपास, टेकनिवास, छपरा बाईपास एनएच-19 और डोरीगंज से दिघवारा-सोनपुर के रास्ते वैशाली जाएंगे।

कार्यक्रम अवधि के दौरान जिले में सभी प्रकार के भारी और व्यावसायिक वाहनों ट्रक आदि का परिचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, एम्बुलेंस, अग्निशमन और अन्य आकस्मिक सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है।

सारण पुलिस ने आमजनों से अपील की है कि किसी भी असुविधा से बचने के लिए निर्धारित मार्गों और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करें। आवश्यकतानुसार तात्कालिक परिस्थितियों को देखते हुए मार्ग में बदलाव भी किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780707 Articles

Share this story