सोनपुर मेला इस बार सभी 38 जिलों के पारंपरिक व्यंजनों का मिलेगा स्वाद, जिला प्रशासन ने की तैयारी

WhatsApp Channel Join Now
सोनपुर मेला इस बार सभी 38 जिलों के पारंपरिक व्यंजनों का मिलेगा स्वाद, जिला प्रशासन ने की तैयारी


सारण, 18 नवंबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध हरिहरनाथ क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 इस बार पर्यटकों के लिए बेहद खास होगा। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के साथ-साथ बिहार के सभी 38 जिलों की पारंपरिक खान-पान संस्कृति का अनूठा स्वाद एक ही स्थान पर मिलेगा।

इसके लिए मेला परिसर में एक विशेष फूड कोर्ट विकसित किया जा रहा है, जिसमें सभी 38 जिलों के विशिष्ट व्यंजनों और पारंपरिक पकवानों के स्टॉल लगेंगे। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने निर्देश दिए हैं कि फूड कोर्ट में सभी जिलों के प्रतिनिधि व्यंजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था हो।

इस पहल का उद्देश्य देश-विदेश के पर्यटकों को बिहार की विविधतापूर्ण खाद्य संस्कृति से परिचित कराना है। इससे न सिर्फ आगंतुकों को यादगार अनुभव मिलेगा, बल्कि विभिन्न जिलों के स्थानीय वेंडरों, कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन व बिक्री का बड़ा मंच भी प्राप्त होगा।

क्षेत्रीय खान-पान और पारंपरिक खाद्य उत्पादों को इससे व्यापक पहचान मिलेगी। जिला प्रशासन इस आयोजन को भव्य बनाने के लिए सभी 38 जिलों के संबंधित पदाधिकारियों से निरंतर समन्वय स्थापित कर रहा है। पत्राचार के माध्यम से जिलों को आमंत्रित करने के साथ-साथ विज्ञापनों के जरिए इच्छुक वेंडरों व संस्थाओं को भी इस पहल में भाग लेने की जानकारी दी जा रही है।

जिला प्रशासन सारण का यह प्रयास है कि सोनपुर मेला-2026 केवल मनोरंजन और आस्था का केंद्र न रहे, बल्कि बिहार की विविधतापूर्ण खान-पान परंपरा को प्रदर्शित करने का एक विशिष्ट मंच भी बने।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779270 Articles

Share this story