श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर छपरा में निकली शोभा यात्रा
सारण, 05 सितंबर (हि.स.)। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समिति के तत्वावधान में छपरा जंक्शन परिसर स्थित श्री संकट मोचन बालाजी हनुमान मंदिर से भगवान श्री कृष्ण की भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। इस शोभा यात्रा की शुरुआत पारंपरिक बाजे-गाजे, ढोल और नगाड़ों की गूंज के साथ हुई, जिसने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
यात्रा के दौरान हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की, मदन गोपाल की और नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की जैसे गगनभेदी जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा। भक्तों का उत्साह देखते ही बनता था। शोभा यात्रा छपरा जंक्शन से शुरू होकर शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों से गुजरी। नगर परिक्रमा के इस मार्ग पर जगह-जगह शहरवासियों ने पुष्प वर्षा कर भगवान श्रीकृष्ण की शोभा यात्रा का स्वागत किया और उनकी आरती उतारकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
भक्ति और उल्लास से भरपूर यह शोभा यात्रा नगर भ्रमण करते हुए नगर पालिका चौक पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। इस आयोजन में शहर के तमाम गणमान्य लोगों और श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

