सारण में खेत बचाओ अभियान का आयोजन, कृषि मंत्री ने प्राकृतिक खेती और मृदा संरक्षण पर दिया विशेष जोर

WhatsApp Channel Join Now
सारण में खेत बचाओ अभियान का आयोजन, कृषि मंत्री ने प्राकृतिक खेती और मृदा संरक्षण पर दिया विशेष जोर


सारण में खेत बचाओ अभियान का आयोजन, कृषि मंत्री ने प्राकृतिक खेती और मृदा संरक्षण पर दिया विशेष जोर


सारण, 02 नवंबर (हि.स.)। जिले के भिखारी ठाकुर प्रेक्षा गृह में खेत बचाओ अभियान-सह-कृषि जन कल्याण संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि हमारे परिवार का स्वास्थ्य सीधे हमारी मिट्टी के स्वास्थ्य से जुड़ा है। उपजाऊ और पोषक तत्वों से भरपूर मिट्टी ही शुद्ध, पौष्टिक भोजन और स्वस्थ समाज का आधार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप यह अभियान धरती की उर्वरता बचाने और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने का बड़ा संकल्प है।

स्कूल स्तर पर मृदा स्वास्थ्य के प्रति नई पीढ़ी को जागरूक करने के लिए कृषि मंत्री ने घोषणा की कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में बिहार के सभी 38 जिलों के 629 पीएम श्री एवं राजकीय विद्यालयों में मिनी मिट्टी जाँच प्रयोगशालाएँ स्थापित की जाएँगी। इनमें से 160 विद्यालयों में यह सुविधा पहले ही स्थापित हो चुकी है।

इस अभियान को जन आंदोलन का रूप देते हुए उन्होंने बताया कि खरीफ मौसम में राज्यभर में 7,275 किसान बैठकों के जरिए 6,19,436 किसानों जिनमें 2,12,610 महिलाएँ शामिल हैं को जोड़ा गया। वहीं आगामी रबी मौसम 2026-27 में सभी 534 प्रखंडों में विशेष शिविर लगाकर 15 से 16 लाख किसानों तक सीधे पहुँचने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

कार्यक्रम के दौरान श्री सिन्हा ने बीज, कीटनाशक, उर्वरक एवं मिट्टी जाँच सहित 19 महत्वपूर्ण विषयों पर किसानों के साथ सीधा संवाद किया और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने कृषि विभाग द्वारा लगाई गई आधुनिक तकनीकों और उन्नत कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

इस अवसर पर महराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, छपरा विधायक छोटी कुमारी, तरैया विधायक जनक सिंह, मांझी विधायक रंधीर कुमार सिंह, एकमा विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह तथा विधान परिषद सदस्य सच्चिदानंद राय, जिला अध्यक्ष उमेश तिवारी जिला, अध्यक्ष रणजीत सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771321 Articles

Share this story