सारण पुलिस ने रंगदारी और लूट के फरार आरोपित को किया गिरफ्तार
सारण, 18 सितंबर (हि.स.)। पुलिस ने अपराध नियंत्रण के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान में एक सफलता हासिल की है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अकिलपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए रंगदारी और लूट के मामले में फरार नामजद आरोपित संजीव कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपित पानापुर प्रखंड के नवदियरी नया ग्राम निवासी प्रेम सिंह का पुत्र संजीव कुमार है। वह अकिलपुर थाना कांड संख्या-44/26 में लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस की इस कार्रवाई में अकिलपुर थानाध्यक्ष सहित उनकी टीम के जवानों का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अपराधी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर दीघा, दानापुर और अकिलपुर थानों में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, लूट और हत्या के प्रयास जैसे कई मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपित के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

