सारण के सहयोग शिविरों में 95.1% आवेदनों का हुआ निष्पादन
सारण, 07 जुलाई (हि.स.)। जिले के 20 प्रखंडों की 318 पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविरों के दौरान कुल 17,561 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से प्रशासन ने 16,252 मामलों का पूर्व में ही निष्पादन कर दिया। जिला जनसंपर्क पदाधिकारी द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार कुल निष्पादन दर 95.1 प्रतिशत रही, जबकि 868 आवेदन लंबित हैं और तकनीकी कारणों से 441 आवेदन अस्वीकृत किए गए।
शिविर में सबसे अधिक आवेदन राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से संबंधित रहा, जिसके पास 4,170 आवेदन आए। इसके बाद ग्रामीण विकास विभाग को 3,350, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण को 2,375, समाज कल्याण को 1,440 और ऊर्जा विभाग को 1,150 आवेदन प्राप्त हुए। स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज और गृह सहित शीर्ष 20 विभागों ने इन आवेदनों पर काम किया।
जनता ने विभिन्न बुनियादी समस्याओं को लेकर आवेदन दिए। इनमें राशन कार्ड 11.54%, शौचालय व स्वच्छता 11.29%, और भूमि विवाद 10.01% से जुड़े मामले सबसे आगे रहे। इसके अलावा पानी/नल-जल 4.10%, बिजली 3.80% तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र 4.4% से संबंधित शिकायतें भी दर्ज की गईं।
जिलों की 10 पंचायतों में आवेदनों के निपटारे को लेकर बेहतरीन काम देखा गया। मांझी नगर पंचायत 520 आवेदन, रामपुर आमी 198 आवेदन और धरमपुरा जाफर 179 आवेदन ने 100% निष्पादन का रिकॉर्ड बनाया। वहीं छपरा नगर परिषद ने 90%, झौवा ने 99.63% और ककरहाट ने 99.59% आवेदनों का निपटारा कर आवेदक को बड़ी राहत पहुंचाई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

