माही नदी के तटबंध टूटने के बाद जिला प्रशासन द्वारा युद्धस्तर पर हो रहा मरम्मति कार्य

WhatsApp Channel Join Now
माही नदी के तटबंध टूटने के बाद जिला प्रशासन द्वारा युद्धस्तर पर हो रहा मरम्मति कार्य


माही नदी के तटबंध टूटने के बाद जिला प्रशासन द्वारा युद्धस्तर पर हो रहा मरम्मति कार्य


सारण, 05 सितंबर (हि.स.)। जिले के दिघवारा प्रखंड अंतर्गत माही नदी के दायाँ तटबंध पर जल के अत्यधिक दबाव के कारण गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई। लगभग 7.5 किलोमीटर लंबे इस तटबंध का करीब 12 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त हो कर टूट गया है। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग हरकत में आ गया है। वर्तमान में क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता, कार्यपालक अभियंता और सहायक अभियंता से पूरी जानकारी ली। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि तटबंध की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और मरम्मत कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।

उन्होंने स्थल पर पर्याप्त मानवबल और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का आदेश दिया है ताकि कार्य जल्द से जल्द पूरा हो सके। इसके साथ ही, तटबंध की लगातार निगरानी रखने को कहा गया है। जल संसाधन विभाग के अभियंता मौके पर कैंप कर रहे हैं, और जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार पैनी नजर रखे हुए है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story