सारण निर्वाचन साक्षरता क्लबों में निबंध व क्विज प्रतियोगिताओं का तीन चरणों में होगा आयोजन

WhatsApp Channel Join Now

सारण, 17 नवंबर (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के पर जिले के सभी निर्वाचन साक्षरता क्लबों में विद्यार्थियों के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों, मताधिकार और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से निबंध एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव द्वारा इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

प्रतियोगिताओं का आयोजन तीन चरणों में तय किया गया है। प्रथम चरण 17 से 22 नवंबर तक विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर आयोजित हो रहा है, जिसमें प्रत्येक क्लब से दो प्रतिभागी चुने जाएंगे। द्वितीय चरण 24 से 27 नवंबर तक विधानसभा क्षेत्र स्तर पर होगा, जहां से शीर्ष दस प्रतिभागी चुने जाएंगे। तृतीय एवं अंतिम चरण 29 नवंबर से 1 दिसंबर तक जिला स्तर पर आयोजित होगा, जिसमें चयनित प्रतिभागी भाग लेंगे और अंतिम दस विजेताओं का चयन किया जाएगा।

परिणामों की घोषणा तथा प्रमाण-पत्रों का वितरण 3 दिसंबर को किया जाएगा। जिला स्तर की प्रतियोगिताओं का संचालन जिला शिक्षा पदाधिकारी और उप निर्वाचन पदाधिकारी, सारण के मार्गदर्शन में होगा, जबकि प्रश्न-पत्र व अन्य तैयारियां अवर निर्वाचन पदाधिकारी, सोनपुर द्वारा की जा रही हैं। प्रशासन ने विद्यार्थियों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778766 Articles

Share this story