सारण में दिव्यांगजन सशक्तिकरण शिविर का प्रचार वाहन रवाना
सारण, 13 अक्टूबर (हि.स.)। जिला प्रशासन द्वारा दिव्यांगजनों के कल्याण हेतु एक महत्वपूर्ण पहल की गई है।
मंगलवार को समाहरणालय परिसर से जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण योजना के तहत प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन जिले के विभिन्न ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में योजना के शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करेगा।
जिले के सदर अनुमंडल समेत चार प्रमुख प्रखंडों बनियापुर, दरियापुर, अमनौर और मांझी में विभिन्न तिथियों पर शिविर आयोजित होंगे। इन शिविरों के माध्यम से संबल एवं एडिप योजना के अंतर्गत पात्र दिव्यांगजनों को आवश्यकतानुसार विभिन्न सहायक उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।
जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों के जीवन को सुगम व आत्मनिर्भर बनाना है। प्रशासन ने सभी पात्र लाभार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर शिविर में पहुंचकर इस योजना का लाभ उठाएं।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

