सोनपुर अंचल कार्यालय का शिक्षक निर्वाचन बूथ दुधैला पंचायत सरकार भवन में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव पारित

WhatsApp Channel Join Now
सोनपुर अंचल कार्यालय का शिक्षक निर्वाचन बूथ दुधैला पंचायत सरकार भवन में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव पारित


सारण, 26 सितंबर (हि.स.)। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत अंचल कार्यालय सोनपुर स्थित मतदान केंद्र को पंचायत सरकार भवन, दुधैला में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव पारित किया गया है।

सारण समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी सह सहायक निर्वाची पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया।

बैठक में बताया गया कि अंचल कार्यालय भवन के नवनिर्माण कार्य हेतु टूटने के कारण यह बदलाव आवश्यक हो गया था। भारत निर्वाचन आयोग के नियमानुसार मतदान केंद्र 16 किलोमीटर के दायरे में होना चाहिए, जबकि नया प्रस्तावित केंद्र पुराने बूथ से महज 5 किलोमीटर की दूरी पर है। यह नया स्थान मतदाताओं की आसान पहुंच के लिहाज से भी अधिक सुलभ है।

तमाम राजनीतिक दलों की सर्वसम्मति के बाद जिलाधिकारी ने उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद एकबाल को यह प्रस्ताव निर्वाची पदाधिकारी सह आयुक्त के माध्यम से निर्वाचन आयोग को भेजने का निर्देश दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी, अपर समाहर्ता मुकेश कुमार सहित प्रमुख दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story