सोनपुर मेला 2026 में कबड्डी से लेकर नौका दौड़ तक 15 खेलों का होगा आयोजन तैयारी शुरू
सारण, 23 सितंबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला के अवसर पर आयोजित होने वाले वार्षिक खेल-कूद प्रतियोगिताओं की तैयारियों को लेकर आज उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में एक बैठक संपन्न हुई। जिलाधकारी वैभव श्रीवास्तव के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस बैठक में जिला जनसंपर्क अधिकारी, जिला खेल अधिकारी और जिले के विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस वर्ष मेले में कुल 15 खेल विधाओं का आयोजन जिला एवं प्रमंडल स्तर पर किया जाएगा, जिसमें राज्य के सभी 9 प्रमंडलों की टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिताओं का समय खेल की प्रकृति के अनुसार निर्धारित किया गया है जिसमें क्रिकेट के लिए 6 दिन, फुटबॉल के लिए 4 दिन, कबड्डी, खो-खो, हैंडबॉल, वॉलीबॉल व कुश्ती के लिए 2-2 दिन, नौका दौड़, शतरंज व योगासन के लिए 1-1 दिन और रस्साकशी के लिए 2 घंटे का समय निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा घुड़दौड़, पैरा एथलेटिक्स तथा भारोत्तोलन जैसी प्रतियोगिताएं भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। उप विकास आयुक्त ने जिला खेल अधिकारी और सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर तिथियों को जल्द अंतिम रूप देने तथा समयबद्ध तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य राज्य की युवा खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच प्रदान कर सोनपुर मेला को और आकर्षक बनाना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

