सारण पुलिस ने अपहृत हुए दो व्यवसाईयों को सकुशल छुड़ाया, चार गिरफ्तार
सारण, 12 अगस्त (हि.स.)। पुलिस की जिला आसूचना इकाई और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गौरा थाना क्षेत्र के जवैनिया गांव में छापेमारी कर अपहरण की साजिश का पर्दाफाश किया है।
पुलिस ने बंधक बनाए गए झारखंड के रामगढ़ निवासी दो व्यवसायी आशीष कुमार चौधरी और राकेश कुमार दत्ता को सकुशल मुक्त करा लिया और मौके से चार आरोपितों को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार अपराधियों ने रामगढ़ निवासी आशीष कुमार चौधरी और राकेश कुमार दत्ता को छपरा कचहरी स्टेशन के समीप से बदमाशों ने स्कॉर्पियो में बैठाकर दोनों का अपहरण कर लिया और उन्हें जवैनिया स्थित ब्रह्मस्थान के पास एक मकान में बंधक बनाकर रखा और फिरौती मांगी।
पुलिस को सटीक सूचना मिलते ही मढ़ौरा एक एसडीपीओ के नेतृत्व में गौरा, मढ़ौरा थाना व डीआईयू की टीम ने उक्त मकान की घेराबंदी कर दोनों अपहृतों को सुरक्षित बचा लिया।
मौके से पुलिस ने जवैनिया निवासी आशुतोष कुमार, बहुआरा निवासी रौशन कुमार व हर्षित कुमार और पूर्णाडीह निवासी राहुल कुमार पाण्डेय को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने अपराधियों के पास से दो देशी पिस्टल, एक चाकू, एक लोहे का फाइटर, चार मोबाइल, एक बोतल विदेशी शराब और अपहरण में प्रयुक्त स्कॉर्पियो बरामद की है।
इस संबंध में दो अलग-अलग गौरा थाना एवं नगर थाना में आर्म्स एक्ट, बिहार मद्यनिषेध अधिनियम और अपहरण के तहत कांड दर्ज किया गया है। गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

