दुर्गापूजा को लेकर सारण पुलिस अलर्ट मोड में, पूजा पंडालों का बनेगा डिजिटल डाटाबेस
सारण, 29 सितंबर (हि.स.)। आगामी दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सारण जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। समाहरणालय सभागार में विधि-व्यवस्था से संबंधित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने आगामी दुर्गापूजा की विस्तृत समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने दुर्गापूजा के मद्देनजर पूरे जिले में लगातार पेट्रोलिंग और मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में राज्य के मुख्य सचिव एवं पुलिस महानिदेशक के स्तर से भी स्पष्ट निर्देश प्राप्त हुए हैं। सभी अंचलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के संवेदनशील स्थलों विशेषकर बालिका छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है।
निरीक्षण के दौरान बाल विकास परियोजना पदाधिकारी की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी, जहां छात्राओं से सुरक्षा संबंधी फीडबैक लेकर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे अपने क्षेत्रों में मूर्ति स्थापना स्थलों को चिन्हित करें। साथ ही पूजा समितियों का संपूर्ण विवरण नाम, पता, मोबाइल नंबर जुटाकर एक मजबूत डाटाबेस तैयार करें।
प्रत्येक पूजा समिति के साथ बेहतर समन्वय के लिए थाना स्तर से एक पुलिस पदाधिकारी को नामित किया जाएगा, जो लाइसेंस, सेफ्टी ऑडिट और अन्य अनुमतियों का अनुश्रवण करेंगे। असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस प्रशासन को निरोधात्मक कार्रवाई करने तथा अधिकतम संख्या में बॉन्ड डाउन का प्रस्ताव तैयार कर नोटिस जारी करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

